क्रोध पर विजय पाने वाला ही सच्चा विजेता है
गौतम बुद्ध की कहानी
कहते हैं कि इंसान की सबसे बड़ी लड़ाई किसी दूसरे व्यक्ति से नहीं, बल्कि अपने मन के अंदर छिपे क्रोध, अहंकार और बुरे विचारों से होती है। जो व्यक्ति अपने मन को जीत लेता है, उसे दुनिया की कोई ताकत हरा नहीं सकती।
गौतम बुद्ध ने अपने जीवन में लोगों को प्रेम, दया, शांति और धैर्य का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी हमें जीवन जीने का सही तरीका सिखाती हैं।

आज हम गौतम बुद्ध से जुड़ी एक प्रेरणादायक कथा पढ़ेंगे, जिसमें एक क्रोधित व्यक्ति बुद्ध को अपशब्द कहता है, लेकिन बुद्ध का शांत स्वभाव उस व्यक्ति का जीवन बदल देता है।
क्रोधित व्यक्ति बुद्ध के पास गया
बहुत समय पहले की बात है। एक गांव में एक व्यक्ति रहता था। वह स्वभाव से बहुत क्रोधी था। छोटी-छोटी बातों पर लोगों से लड़ना, दूसरों को बुरा-भला कहना और अपनी बात मनवाने के लिए झगड़ा करना उसकी आदत बन चुकी थी।
गांव के लोग उससे परेशान रहते थे। कोई भी व्यक्ति उसके सामने कुछ बोलने से डरता था।
एक दिन उसे पता चला कि गौतम बुद्ध पास के जंगल में अपने शिष्यों के साथ ठहरे हुए हैं। गांव के बहुत से लोग बुद्ध के पास जाकर उनकी बातें सुनते थे और उनके उपदेशों से अपने जीवन में शांति महसूस करते थे।
यह देखकर उस व्यक्ति के मन में जलन होने लगी। उसने सोचा, “आखिर इस बुद्ध में ऐसी क्या खास बात है? लोग इनके सामने सिर क्यों झुकाते हैं? मैं जाकर इनकी परीक्षा लूंगा।” वह गुस्से में बुद्ध के पास पहुंच गया।
बुद्ध को सुनने पड़े अपशब्द
जब वह व्यक्ति बुद्ध के सामने पहुंचा, तो बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें अपशब्द कहने लगा। वह बोला, “तुम लोगों को क्या सिखाते हो? क्या तुम्हें लगता है कि तुम बहुत बड़े ज्ञानी हो? तुम लोगों को काम करने के बजाय शांति और ज्ञान की बातें सिखाते हो!”
उसने बुद्ध का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बुद्ध चुपचाप उसकी बातें सुनते रहे। उनके चेहरे पर न तो क्रोध था और न ही नाराजगी। उनके शिष्य यह सब देखकर हैरान थे। वे सोच रहे थे कि आखिर कोई व्यक्ति उनके गुरु का इतना अपमान कैसे कर सकता है?लेकिन बुद्ध बिल्कुल शांत बैठे रहे। जब वह व्यक्ति बोलते-बोलते थक गया, तब बुद्ध ने बड़े प्रेम से उससे एक सवाल पूछा।
बुद्ध ने पूछा सवाल
बुद्ध ने कहा, भाई, क्या मैं तुमसे एक बात पूछ सकता हूं? उस व्यक्ति ने गुस्से में कहा, “पूछो, क्या पूछना चाहते हो?” बुद्ध ने कहा, “मान लो कि तुम किसी व्यक्ति को कोई उपहार देते हो, लेकिन वह व्यक्ति तुम्हारा उपहार स्वीकार नहीं करता, तो वह उपहार किसके पास रहेगा?”
व्यक्ति ने बिना सोचे जवाब दिया, “अगर वह व्यक्ति उपहार स्वीकार नहीं करेगा, तो वह उपहार मेरे पास ही रहेगा। बुद्ध मुस्कुराए और बोले, “बिल्कुल सही कहा तुमने।” फिर बुद्ध ने बहुत शांति से कहा, “आज तुमने मुझे इतने अपशब्द दिए, लेकिन मैंने तुम्हारे उन अपशब्दों को स्वीकार ही नहीं किया। तो बताओ, वे अपशब्द किसके पास रह गए?”
यह सुनकर वह व्यक्ति कुछ देर के लिए बिल्कुल चुप हो गया। उसे समझ आने लगा कि बुद्ध उसे कोई साधारण बात नहीं समझा रहे थे, बल्कि जीवन का बहुत बड़ा सत्य बता रहे थे।
क्रोध वाला दुखी होता है
बुद्ध ने आगे कहा, “मनुष्य जब किसी दूसरे व्यक्ति पर क्रोध करता है, तो सबसे पहले उसके अपने मन की शांति नष्ट होती है। वह दूसरों को दुख पहुंचाने की कोशिश करता है, लेकिन इस कोशिश में खुद भी दुखी हो जाता है। अगर कोई तुम्हारा अपमान करता है और तुम भी उसके जवाब में अपमान करने लगते हो, तो तुम दोनों में अंतर ही क्या रह जाता है?”
सच्ची ताकत दूसरों को हराने में नहीं, बल्कि अपने क्रोध पर नियंत्रण रखने में है।बुद्ध की बातें उस व्यक्ति के हृदय तक पहुंचने लगीं।
उसे पहली बार एहसास हुआ कि वह अपने गुस्से के कारण कितने लोगों को दुख पहुंचा चुका है। उसने धीरे से सिर झुका लिया।
गलती का एहसास
उस व्यक्ति की आंखों में आंसू आ गए। वह बुद्ध के चरणों में बैठ गया और बोला, “गुरुदेव, मुझे क्षमा कर दीजिए। मैंने आपके साथ बहुत बुरा व्यवहार किया। मैं हमेशा सोचता था कि गुस्सा करके मैं दूसरों को अपने से कमजोर साबित कर सकता हूं, लेकिन आज मुझे समझ आया कि मैं खुद अपने क्रोध का गुलाम बन चुका हूं।”
बुद्ध ने प्रेम से कहा, “जिस दिन इंसान अपनी गलती को पहचान लेता है, उसी दिन उसके बदलने की शुरुआत हो जाती है।” उन्होंने आगे कहा, “बीती हुई बातों को लेकर खुद को दुखी मत करो। आज से अपने विचारों को बदलने का प्रयास करो। जब भी क्रोध आए, कुछ पल शांत रहना सीखो। सोचो कि तुम्हारे शब्दों से किसी को कितना दुख पहुंच सकता है।”
उस व्यक्ति ने बुद्ध को प्रणाम किया और वहां से चला गया। उस दिन के बाद उसने अपने व्यवहार में बदलाव लाने का प्रयास शुरू कर दिया। धीरे-धीरे गांव के लोग भी उसके बदले हुए स्वभाव को देखकर हैरान होने लगे। अब वह किसी से झगड़ा नहीं करता था। दूसरों की बात ध्यान से सुनता और जरूरतमंद लोगों की सहायता करता था।
बुद्ध की कहानी से सीख
इस कहानी से हमें जीवन की कई महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिलती हैं।
गौतम बुद्ध की कहानी सिखाती है ,की क्रोध हमारी सबसे बड़ी कमजोरी है। जब हम क्रोध में होते हैं, तब अक्सर बिना सोचे-समझे ऐसे शब्द बोल देते हैं जिनका पछतावा हमें बाद में होता है।
गौतम बुद्ध की कहानी ये भी बताती है,की हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं है। कभी-कभी चुप रहना ही सबसे अच्छा जवाब होता है। हर अपमान का जवाब अपमान से देना समझदारी नहीं है।
गौतम बुद्ध की कहानी हमें ये भी बताती है,की अपनी मन की शांति को दूसरों के हाथ में मत दीजिए। कोई क्या कहता है और क्या सोचता है, यह हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होता। लेकिन हम कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, यह हमारे हाथ में होता है।
गौतम बुद्ध की कहानी ये भी सिखाती है ,की गलती स्वीकार करना कमजोरी नहीं है। जो इंसान अपनी गलती पहचानकर खुद को सुधारने का प्रयास करता है, वही वास्तव में मजबूत होता है।
गौतम बुद्ध की कहानी मुझे याद दिलाती है कि जीवन में सबसे बड़ी जीत अपने मन पर विजय प्राप्त करना है।
दूसरों को हराकर इंसान कुछ समय के लिए खुश हो सकता है, लेकिन अपने क्रोध, अहंकार और बुरे विचारों को हराकर वह जीवनभर शांति पा सकता है।
इसलिए अगली बार जब कोई आपको गुस्सा दिलाने की कोशिश करे, तो तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय कुछ पल रुकिए। सोचिए कि क्या उस व्यक्ति के शब्द आपकी मन की शांति से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं?
याद रखिए, दूसरों को नियंत्रित करना हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन अपने मन और व्यवहार को नियंत्रित करना हमारे हाथ में जरूर है। यही शांति और समझदारी का मार्ग है।
ऐसी ही गौतम बुद्ध की कहानी देखने और पढ़ने के लिए Youtube channel @Storiesbygulabgautam और पेज www.Hindistories24.Com को भी सेव करके रखे
धन्यवाद, जय हिंद



